छोटे राज्यों में तेज होता है विकास - बुंदेला
Publish Date:Sat, 08 Nov 2014 08:12 AM (IST)
सागर(ब्यूरो)। सिने अभिनेता राजाबुंदेला का कहना है कि पृथक बुंदेलखंड राज्य की स्थापना जल्द ही होगी, अगले पंचवर्षीय योजना में बुंदेलखंड नया राज्य बनकर अस्तित्व में आ जाएगा। छोटे राज्यों से विकास होगा, विनाश नहीं होगा।नवदुनिया से उक्त बातें प्रख्यात फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला ने नवदुनिया से विशेष बातचीत के दौरान व्यक्त किया। श्री बुंदेला शुक्रवार को सागर के भापेल में आयोजित बुंदेली लोकनृत्य बरेदी के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए।
मुगलों के समय से है अस्तित्व में
राजा बुंदेला ने कहा कि बुंदेलखंड का अस्तित्व मुगल शासन काल से है। छत्रसाल के नाम से कई जिलों को मिलाकर एक सूबा बनाया गया था, पन्नाा उसका मुख्यालय था। इसका ऐतिहासिक साक्ष्य भी कई स्थानों पर मौजूद है। सुप्रीम कोर्ट में इस पर रिट भी दाखिल है। श्री बुंदेला ने कहा कि आजादी के बाद सरदार बल्लभ भाई पटेल के हस्तक्षेप करने पर बुंदेलखंड के छत्तीस राजाओं ने संधि करने पर अपनी सहमति दी। सभी राजाओं ने कहा कि बुंदेलखंड का स्थायी स्वरूप बुंदेलखंड के नाम से बना रहे। सरदार पटेल के आश्वासन पर सभी राजाओं ने संधि पर हस्ताक्षर किए थे। पृथक बुंदेलखंड के पहले मुख्यमंत्री कामता प्रसाद सक्सेना बने थे, नौगांव को राजधानी बनाई गई थी। एक माह बाद ही राजनैतिक एवं कूटनीतिक दबाव में बुंदेलखंड को दो राज्यों के पीछे बांट दिया गया। ताज्जुब की बात है कि बुंदेलखंड के भू-भाग को मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पिछले हिस्से में विभाजित कर दिया गया। उसी दौरान हैदराबाद को भी अलग करने की बात उठी थी, लेकिन वहां के नबाब ने सूबे को अलग करने से मना कर दिया था।
साभार : नईदुनिया

Comments
Post a Comment